शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कवर्धा में व्यापारी ने सामूहिक आत्महत्या करने परिवार सहित जहर खाया

C

CG Khabar

16 अप्रै. 2026, 01:25 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

जहर पीना
जहर पीना

कवर्धा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कवर्धा में आर्थिक तंगी और भारी भरकम कर्ज के बोझ से दबे एक स्थानीय कारोबारी योगेश जैन ने अपने पूरे परिवार के साथ मौत को गले लगाने की कोशिश की. बुधवार को योगेश जैन, उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चों ने जहर का सेवन कर लिया. 


घटना का पता चलते ही परिजनों ने आनन-फानन में सभी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ फिलहाल चारों की हालत चिंताजनक बनी हुई है और वे डॉक्टरों की गहन निगरानी में हैं.


प्राप्त विवरण के अनुसार, योगेश जैन पर लगभग 4 करोड़ रुपये का कर्ज था. वह पिछले काफी समय से भारी लेन-देन और आर्थिक संकट से जूझ रहे थे. 


पुलिस को घटनास्थल से तीन पन्नों का एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें कारोबारी ने अपनी बदहाली और लेनदारों के दबाव का विस्तार से जिक्र किया है. 


बताया जा रहा है कि बकाया रकम की वसूली के लिए योगेश को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं, जिससे वे गहरे मानसिक तनाव में थे. 


इसी दबाव के चलते उन्होंने अपने परिवार सहित यह आत्मघाती कदम उठाया.


कवर्धा थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है. 


घटनास्थल को सील कर दिया गया है और सुसाइड नोट में दर्ज तथ्यों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है. पुलिस का कहना है कि वर्तमान में पीड़ितों की स्थिति बयान देने योग्य नहीं है, लेकिन उनकी सेहत में सुधार होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस इस मामले में उन लोगों की भी तलाश कर रही है जो व्यापारी को प्रताड़ित कर रहे थे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP