शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर: जादू-टोना के संदेह में महिला की नृशंस हत्या, 4 गिरफ्तार

C

CG Khabar

09 मार्च 2026, 01:49 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

गिरफ्तार
गिरफ्तार

जशपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सन्ना क्षेत्र के गट्टी महुआ गांव में 48 वर्षीय एक आदिवासी महिला, गोइदी बाई की जादू-टोना के संदेह में कथित तौर पर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मृतका के पति, उसकी सौतन और दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है.


यह मामला 6 मार्च को तब उजागर हुआ जब मृतका के भाई ने पुलिस को घर में शव मिलने की सूचना दी. 


शुरुआती जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत किसी सख्त और कुंद वस्तु से किए गए प्रहारों के कारण हुई है. 


पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वारदात के वक्त आरोपियों ने 'हड़िया' (स्थानीय शराब) का सेवन किया था. नशे के दौरान सुनील राम नामक युवक ने मृतका पर परिवार की परेशानियों और पिता के कैंसर के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाते हुए 'टोनही' होने का दावा किया.


पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले महिला को जमीन पर पटका और फिर लकड़ी के डंडे से उसके निजी अंगों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. 


साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपियों ने शव को बिस्तर पर लिटाकर कंबल से ढक दिया था. फिलहाल, पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत जेल भेज दिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP