छत्तीसगढ़: जशपुर में तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत
जशपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां बगीचा थाना क्षेत्र के बिसबहार गांव में दो नाबालिग बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
मृतकों की पहचान 7 वर्षीय गोल्डी टोप्पो और 8 वर्षीय अनीस टोप्पो के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चे शनिवार से लापता थे. परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया था.
रविवार को दोनों बच्चों के शव गांव के ही एक तालाब से बरामद किए गए. पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों बच्चे तालाब में नहाने गए थे, इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी जान चली गई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है.