जांजगीर-चांपा: वीडियो कॉल के बाद 12वीं की छात्रा ने दी जान
जांजगीर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लछनपुर गांव में एक 18 वर्षीय स्कूली छात्रा रजनी सूर्यवंशी ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब छात्रा घर पर अकेली थी. रजनी की मां जब शाम को मजदूरी कर वापस घर लौटीं, तो उन्होंने बेटी के कमरे का दरवाजा भीतर से बंद पाया.
काफी देर तक दस्तक देने और पुकारने के बाद भी जब अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो मां ने अनहोनी की आशंका में खिड़की से भीतर झांका. कमरे का मंजर देख उनके होश उड़ गए; रजनी का शव पंखे के सहारे फंदे पर लटक रहा था.
परिजनों ने आनन-फानन में ग्रामीणों की सहायता से दरवाजा तोड़कर छात्रा को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल रवाना किया.
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा है कि आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले छात्रा किसी व्यक्ति से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी.
हालांकि, बातचीत किससे हो रही थी और मौत की असली वजह क्या है, यह अब भी रहस्य बना हुआ है. फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मृतिका के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स की बारीकी से जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सके.