रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जगदलपुर: आंगनवाड़ी में गेट छूते ही करेंट से बच्ची की मौत

C

CG Khabar

12 सित. 2025, 05:13 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

करेंट से मौत
करेंट से मौत

कोंडागांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के मर्दापाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पदेली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक आंगनवाड़ी केंद्र के गेट में बिजली का करंट दौड़ने से एक मासूम बच्ची की जान चली गई. इस दुखद हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है.


जानकारी के अनुसार, यह घटना ग्राम पंचायत नवागांव के आश्रित गांव पदेली में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में हुई. महिला एवं बाल विकास विभाग के सेक्टर-3 के तहत संचालित इस केंद्र में उस समय हादसा हुआ, जब बच्ची आंगनवाड़ी से अपनी छुट्टी के बाद घर जाने के लिए निकली. जैसे ही उसने केंद्र के गेट को छुआ, उसे तेज बिजली का झटका लगा, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

विज्ञापन


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्दापाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आंगनवाड़ी के गेट में करंट कैसे आया.


इस हादसे ने गांव में गमगीन माहौल बना दिया है. स्थानीय लोगों और बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने आंगनवाड़ी केंद्रों में सुरक्षा मानकों की कमी पर सवाल उठाए हैं और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP