शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

आयुष्मान कार्ड में गड़बड़ी, 100 से ज्यादा अस्पतालों में छापे, जांच जारी

C

CG Khabar

01 अक्टू. 2026, 02:34 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

आयुष्मान भारत योजना
आयुष्मान भारत योजना

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने राज्य भर में स्वास्थ्य योजनाओं के नाम पर हो रही कथित गड़बड़ियों और फर्जीवाड़े पर बड़ा एक्शन लिया है. विभाग की कई टीमों ने बुधवार को रायपुर समेत राज्य के विभिन्न जिलों में 100 से अधिक निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम में एक साथ औचक निरीक्षण किया. 


यह पूरी कार्रवाई आयुष्मान भारत योजना और ओडिशा सरकार की 'बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना' (BSKY) के तहत पेश किए गए इलाज के दावों और दस्तावेजों की पड़ताल के लिए की गई है.


निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की टीम अस्पतालों में मरीजों के भर्ती रिकॉर्ड, इलाज के ब्यौरे, बिलिंग और अन्य आवश्यक कागजातों को खंगाल रही है. 


इस जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि आयुष्मान कार्ड और अन्य योजनाओं के तहत जिन मरीजों का इलाज कागजों पर दिखाया गया है, क्या उन्हें वास्तव में वह स्वास्थ्य लाभ मिला है या नहीं. साथ ही, अस्पतालों द्वारा जमा किए गए दावों की वैधता की भी नियमों के तहत सूक्ष्मता से जांच की जा रही है.


गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के कुछ निजी अस्पताल ओडिशा की बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना के तहत भी एम्पेनल्ड हैं, इसलिए वहां से जुड़े दावों को भी स्कैनर पर रखा गया है. 


हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच में पाई गई अनियमितताओं या किसी विशेष अस्पताल के नाम को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. अधिकारियों के मुताबिक, रिकॉर्ड खंगालने और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आगे की दंडात्मक कार्रवाई, जैसे कि वित्तीय वसूली, एम्पेनमेंट रद्द करना या आपराधिक मामला दर्ज करना, तय की जाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP