पीएम मोदी की मन की बात में छत्तीसगढ़
रायपुर । संवाददाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 124वें संस्करण में छत्तीसगढ़ ने अपनी विशेष पहचान बनाई. इस बार बिलासपुर जिले के बिल्हा नगर पंचायत की महिलाओं द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में किये गये अनुकरणीय कार्यों को पीएम मोदी ने सराहा. उन्होंने बिल्हा की महिलाओं के समर्पण और संकल्प की तारीफ करते हये कहा कि इन महिलाओं ने वेस्ट मैनेजमेंट की ट्रेनिंग लेकर अपने शहर को स्वच्छता का आदर्श मॉडल बना दिया.
बिल्हा की महिलाओं ने रचा इतिहास
'मन की बात' में पीएम मोदी ने बताया कि बिल्हा की महिलाओं ने न केवल कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन किया, बल्कि जागरूकता अभियान और सामुदायिक सहभागिता के जरिये पूरे क्षेत्र में स्वच्छता का नया मानदंड स्थापित किया. इनके प्रयासों ने बिल्हा को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में से एक बना दिया है. यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के लिये गर्व का विषय बन गई है.
मुख्यमंत्री ने जताया गौरव
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में अपने निवास पर 'मन की बात' को सामूहिक रूप से सुना और इसे छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणादायी पल बताया. उन्होंने कहा, "बिल्हा की महिलाओं ने दिखा दिया कि जब इच्छाशक्ति और सामूहिक सहयोग एकजुट होते हैं, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं. यह स्वच्छता अभियान अब केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक जनांदोलन बन चुका है." सीएम ने बिल्हा की महिलाओं के नेतृत्व को मातृशक्ति की ताकत का प्रतीक बताया.
सात नगरीय निकायों को राष्ट्रीय सम्मान
मुख्यमंत्री साय ने यह भी बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत हाल ही में बिल्हा सहित छत्तीसगढ़ के सात नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है. इसके अलावा, जशपुर जिले के पांच नगरीय निकायों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की भी उन्होंने प्रशंसा की. हाल ही में उन्होंने वहां स्वच्छता दीदियों को सम्मानित भी किया था.
प्रेरणा का स्रोत 'मन की बात'
'मन की बात' न केवल देशभर के जनप्रयासों को उजागर करता है, बल्कि यह समाज को नई दिशा और प्रेरणा भी देता है. बिल्हा की महिलाओं की यह कहानी छत्तीसगढ़ की नारी शक्ति के दृढ़ संकल्प और नेतृत्व का जीवंत उदाहरण है. यह उपलब्धि पूरे राज्य के लिये गर्व का विषय है और स्वच्छता के प्रति अन्य क्षेत्रों को प्रेरित करने वाली है.