शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

HC ने खारिज की पत्रकार हत्याकांड के आरोपी की याचिका

C

CG Khabar

22 अग. 2025, 05:24 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर में हुए चर्चित पत्रकार हत्याकांड के आरोपी ठेकेदार सुरेश चंद्राकर की हाईकोर्ट में दायर याचिका को खारिज कर दिया गया है. चंद्राकर ने सड़क निर्माण के ठेके को रद्द करने और उससे जुड़ी कार्रवाई के खिलाफ यह याचिका दायर की थी. 


मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा की डिवीजन बेंच ने इस मामले में सुनवाई के दौरान हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया.


सुरेश चंद्राकर ने अपने वकील के माध्यम से दायर याचिका में 37 लाख रुपये की सुरक्षा निधि जब्त करने और 10% जुर्माने को अनुचित ठहराया था. इसके साथ ही, उन्होंने 2.58 करोड़ रुपये के अधूरे सड़क निर्माण कार्य को पूरा करने की अनुमति मांगी थी. 


यह मामला नेलसनार–फोडोली–मिरतुर–गंगलूर सड़क निर्माण से संबंधित है.


हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान स्पष्ट किया कि यह मामला अनुबंध से जुड़ा है और समझौते की धारा 28 के तहत विवाद का समाधान मध्यस्थता (अरबिट्रेशन) के जरिए किया जाना चाहिए. 


अदालत ने सीधे हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए याचिका को खारिज कर दिया. 


साथ ही, याचिकाकर्ता को सलाह दी गई कि वह अनुबंध में उपलब्ध उपायों या अन्य कानूनी रास्तों का सहारा ले सकता है.


क्या है मामला


पत्रकार मुकेश चंद्राकर और ठेकेदार सुरेश चंद्राकर के भाई रुपेश चंद्रकर एक साथ 31 दिसंबर 2024 को दो पत्रकारों के साथ दंतेवाड़ा गए हुए थे. दंतेवाड़ा से लौटने के बाद पत्रकार मुकेश और ठेकेदार सुरेश चंद्राकर का भाई रुपेश चंद्राकर बीजापुर के लिट्टीपारा पहुंचे. लिट्टीपारा में ही सुरेश चंद्राकर की कंस्ट्रक्शन साइट है. यहां पहुंचने के बाद से ही मुकेश चंद्राकर लापता हो गए थे. 


बीजापुर में अफवाह का बाजार गर्म था कि मुकेश चंद्राकर को या तो नक्सली उठा ले गए या एनआईए ने हिरासत में लिया. जिसके बाद मुकेश चंद्राकर के लापता होने की जानकारी पुलिस को दी गई. मुकेश के भाई युकेश चंद्रकर ने 2 जनवरी को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई.


गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद बीजापुर पुलिस अधीक्षक यादव ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक युकलेंडन यार्क को जांच के निर्देश दिए. 3 जनवरी को पुलिस की टीम खोजबीन करते हुए ठेकेदार सुरेश चंद्राकर की कंस्ट्रक्शन साइट चट्टानपारा पहुंची.


पुलिस ने कंस्ट्रक्शन साइट पर बने बैडमिंटन कोर्ट के आसपास सर्चिंग की. इस दौरान यहां बने जीर्ण शीर्ण सैप्टिक टैंक को फिर बनाए जाने का शक गहराया. पुलिस टीम के साथ मौजूद पत्रकारों ने नए सैप्टिक टैंक को खोलने कहा. पुलिस टीम ने जेसीबी की सहायता से सैप्टिक टैंक को खोला, जिसके बाद 3 जनवरी 2025 की शाम को मृतक मुकेश चंद्राकर का शव सैप्टिक टैंक से बरामद किया गया था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP