छत्तीसगढ़ में कोरोना से पहली मौत
रायपुर । संवाददाता: राजनांदगांव के 86 वर्षीय बुजुर्ग की मौत कोरोना से हो गई है. रविवार को कोरोना प्रोटोकाल के तहत उनका अंतिम संस्कार किया गया. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के रहने वाले बुजुर्ग को तबियत बिगड़ने पर रायपुर के एमएमआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.
उन्हें बीपी तथा शुगर की बीमारी भी थी. उनके परिजनों की कोरोना जांच के लिये सैंपल ले लिया गया है. छत्तीसगढ़ में यह साल का कोरोना से हुई मौत का पहला मामला है. स्वास्थ्य विभाग इसको लेकर अलर्ट हो गया है.
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के कोविड डैशबोर्ड के अनुसार छत्तीसगढ़ में कोरोना के 105 मामले सामने आये हैं. जिनमें 50 एक्टिव मरीज हैं तथा 55 स्वस्थ्य हो चुके हैं.
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ तथा पूरे भारत में कोविशील्ड और कोवैक्सिन व्यापक रूप से उपयोग किये गये हैं, और ये नये वैरिएंट्स के खिलाफ भी कुछ हद तक सुरक्षा प्रदान करते हैं. केन्द्र सरकार के कोविड डैशबोर्ड के अनुसार 19 जून 2024 तक छत्तीसगढ़ में कोरोना वैक्सीन के 4 करोड़ 91 लाख 67 हज़ार 939 डोज लग चुके हैं.
वर्तमान में भारत और विश्व में JN.1 वैरिएंट प्रमुख रूप से फैल रहा है, जो ओमिक्रॉन का एक उप-वैरिएंट है. इसके अलावा, NB.1.8.1 को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 'वैरिएंट अंडर मॉनिटरिंग' (VUM) के रूप में चिह्नित किया है, जो मई 2025 तक वैश्विक स्तर पर 10.7 फीसदी में पाया गया है.
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. मास्क का उपयोग, सामाजिक दूरी बनाए रखने और नियमित रूप से हाथ धोने जैसे नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है.