रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

महासमुंद: स्कूल में झूले में फंदा फंसने से 10 साल के मासूम की मौत, हेडमास्टर और शिक्षक निलंबित

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्कूल शुरू होने से पहले पेड़ पर बंधे देसी झूले में फंसकर 4वीं के छात्र तरुण चौहान की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के वक्त शिक्षक मौजूद नहीं थे, जिसके बाद DEO ने हेडमास्टर और सहायक शिक्षक को सस्पेंड कर दिया है.

C

CG Khabar

18 अक्टू. 2026, 06:38 AM 2 मिनट में पढ़ें 53

AI Generated Photo
AI Generated Photo

महासमुंद । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले स्थित एक शासकीय प्राथमिक शाला बसना ब्लॉक के इस स्कूल परिसर में लगे एक पेड़ पर साड़ी और कपड़े से बनाए गए देसी झूले में गर्दन फंसने के कारण 4वीं कक्षा के 10 वर्षीय छात्र तरुण चौहान की मौत हो गई. घटना के समय स्कूल परिसर में कोई भी शिक्षक मौजूद नहीं था, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूल के प्रधानपाठक और एक सहायक शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा कक्षाएं शुरू होने से पहले हुआ. तरुण रोज की तरह समय से पहले स्कूल पहुंच गया था और अन्य 8-9 बच्चों के साथ परिसर में खेल रहा था. बच्चे पेड़ पर बंधे कपड़े के झूले में झूलने और उल्टा लटकने का खेल खेल रहे थे. इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से तरुण नीचे फिसला और साड़ी का कपड़ा उसकी गर्दन में कस गया, जिससे वह हवा में ही लटक गया.

स्कूल पहुंची कुछ स्थानीय महिलाओं ने बच्चे को फंसा देख तुरंत नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मासूम दम तोड़ चुका था. भंवरपुर पुलिस चौकी प्रभारी अंजना चंद्रा ने बताया कि घटना के समय परिसर में शिक्षक मौजूद नहीं थे. स्कूल का भृत्य (हेल्पर) मुख्य दरवाजा खोलकर कहीं चला गया था.

पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया, जहां से प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. 

जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बी.एल. देवांगन ने प्रारंभिक जांच के आधार पर सुरक्षा और पर्यवेक्षण में लापरवाही पाए जाने पर हेडमास्टर और सहायक शिक्षक को निलंबित कर दिया है. फिलहाल प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि यह खतरनाक झूला कितने दिनों से बंधा हुआ था और स्कूल समय से पहले बच्चों की देखरेख की क्या व्यवस्था थी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP