रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: बेदम नीलगाय को कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला, दो गिरफ्तार

C

CG Khabar

06 मई 2026, 02:25 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

नील गाय
नील गाय

महासमुंद । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां इंसानी क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं. पिथौरा वन परिक्षेत्र के शांतिनगर (सुखीपाली) में ग्रामीणों ने कुत्तों के झुंड से बचकर थकी-हारी और बेदम पड़ी एक चार साल की मादा नीलगाय को कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला. 


जब आरोपी नीलगाय का मांस पकाकर खाने की तैयारी कर रहे थे, तभी वन विभाग की टीम ने दबिश देकर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

विज्ञापन


वन विभाग के अनुसार, यह घटना पूर्वी पिथौरा सर्कल के कक्ष क्रमांक 234 के पास स्थित शांतिनगर की है. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जब टीम मौके पर पहुंची, तो वहां नीलगाय का शव बरामद हुआ. 


शिकारियों ने नीलगाय के दो पैर काट दिए थे और उसकी गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे निशान थे. पशु चिकित्सा टीम के प्रारंभिक परीक्षण में पुष्टि हुई है कि बेजुबान जानवर का अवैध रूप से शिकार किया गया था.


महासमुंद डीएफओ मयंक पांडे के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में वन विभाग ने सुखीपाली निवासी जोहित दास (30) और सुरेंद्र (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. 


इस मामले में छह अन्य संदिग्धों की संलिप्तता की आशंका है, जिनकी तलाश में वन विभाग की टीमें जुटी हुई हैं. आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पोस्टमार्टम के बाद नीलगाय के अवशेषों को नियमानुसार डिस्पोज कर दिया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP