छत्तीसगढ़: 1.60 करोड़ रुपये की ड्रग्स और नशीली दवाएं नष्ट की गई
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में प्रशासन ने रविवार को करीब 1 करोड़ 59 लाख 84 हजार रुपये मूल्य के नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया है. जिला स्तरीय औषधि निस्तारण समिति की देखरेख में शनिवार रात रायपुर के सिलतरा स्थित बायो-मेडिकल वेस्ट प्लांट (SMS) में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया.
अधिकारियों के अनुसार, नष्ट किए गए पदार्थों में 720 ग्राम ब्राउन शुगर, 7 ग्राम हेरोइन के साथ-साथ भारी मात्रा में प्रतिबंधित सिरप, कैप्सूल, टैबलेट और इंजेक्शन शामिल थे.
यह पूरी प्रक्रिया निर्धारित सरकारी नियमों और कानूनी प्रक्रियाओं के तहत पूरी की गई.
नष्ट की गई सामग्री जिले के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 35 मामलों से संबंधित थी, जिनमें से सबसे अधिक 13 मामले महासमुंद और 10 मामले बसना थाने के थे.
ये मामले साल 2017 से लेकर 2025 तक की अवधि के हैं.
इस दौरान महासमुंद पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता वाली समिति ने भौतिक सत्यापन के बाद दवाओं को भट्टी में डिस्पोज किया. प्रशासन का कहना है कि इस कदम का मुख्य उद्देश्य जब्त नशीले पदार्थों को दोबारा बाजार में पहुंचने से रोकना और क्षेत्र में नशा मुक्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराना है. Symbolic Photo