डोंगरगढ़ डाकघर में करोड़ों का घोटाला? ब्रांच मैनेजर लापता
डोंगरगढ़ डाकघर में करोड़ों का घोटाला? ब्रांच मैनेजर लापता, ग्रामीणों का प्रदर्शन
राजनांदगांव । डेस्क: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले अंतर्गत डोंगरगढ़ ब्लॉक के जटकन्हार गांव में एक बड़ा वित्तीय गबन का मामला सामने आया है. स्थानीय ग्रामीणों ने सोमवार को डोंगरगढ़ पोस्ट ऑफिस के बाहर डेरा डालकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जटकन्हार शाखा में उनकी मेहनत की जमा पूंजी अब गायब हो चुकी है. ग्रामीणों के अनुसार, कथित तौर पर करीब 3 करोड़ रुपये की राशि खातों से नदारद है, हालांकि इस भारी-भरकम राशि की अभी तक डाक विभाग या प्रशासन द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
तनाव की स्थिति तब और गंभीर हो गई जब यह पता चला कि शाखा प्रबंधक आशीष मंडावी पिछले कई दिनों से लापता हैं. इस घटना ने खाताधारकों के संदेह को पुख्ता कर दिया है.
प्रभावित लोगों में अधिकांश किसान और मजदूर वर्ग के हैं, जिन्होंने अपनी जमीन की बिक्री, फसल की कमाई और जीवन भर की बचत को सुरक्षित भविष्य के लिए डाकघर में जमा किया था. कई ग्रामीणों ने बताया कि ऑनलाइन बैलेंस चेक करने पर उनके खातों में वह राशि नहीं दिखी जो उन्होंने जमा की थी, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया.
आक्रोशित भीड़ ने मुख्य मार्ग पर बैठकर नारेबाजी की और मामले की निष्पक्ष जांच व दोषियों पर तत्काल एफआईआर की मांग की. ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि उनके खातों का ऑडिट कर जल्द ही उनकी राशि वापस नहीं दिलाई गई, तो वे अपना आंदोलन और उग्र करेंगे.
फिलहाल, पुलिस और प्रशासन इस पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं, लेकिन अभी तक किसी भी आधिकारिक नतीजे की घोषणा नहीं हुई है.