छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के बने भाजपा के नए सोशल मीडिया प्रमुख
रायपुर । संवाददाता: भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राष्ट्रीय डिजिटल और सोशल मीडिया टीम में एक बड़ा सांगठनिक फेरबदल करते हुए छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता दीपक म्हस्के को पार्टी के सोशल मीडिया विभाग का नया प्रमुख नियुक्त किया है. वे अमित मालवीय का स्थान लेंगे, जिन्होंने पिछले 11 वर्षों तक भाजपा के आईटी और सोशल मीडिया तंत्र का कुशलतापूर्वक नेतृत्व किया.
नवनियुक्त सोशल मीडिया प्रमुख दीपक म्हस्के (58 वर्ष) का बहुआयामी करियर रहा है. उनका जन्म 15 मार्च 1968 को हुआ था. उन्होंने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से रसायन शास्त्र (Chemistry) में स्नातकोत्तर (MSc) तथा सीमेंट केमिस्ट्री में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा की उपाधि प्राप्त की है.
अपने करियर की शुरुआत एक कॉलेज प्रोफेसर के रूप में करने वाले म्हस्के के पास कृषि, बागवानी, जैविक खेती और सड़क निर्माण के क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का गहरा अनुभव है.
दीपक म्हस्के वर्तमान में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSC) के अध्यक्ष हैं, जहां उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त है. इसके साथ ही वे इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) में स्वतंत्र निदेशक (Independent Director) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
वर्ष 2009 से भाजपा संगठन से जुड़े दीपक म्हस्के को चुनावी डेटा विश्लेषण, राष्ट्रीय स्तर के आंकड़ों के एकत्रीकरण और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के डेटा अध्ययन में महारत हासिल है. ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन और ग्रामीण पुस्तकालयों के विकास में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए दीपक म्हस्के ने इसे एक "बड़ी जिम्मेदारी" बताया. उन्होंने कहा कि एक समर्पित कार्यकर्ता पर भरोसा जताने के लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं के आभारी हैं तथा पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ इस दायित्व का निर्वहन करेंगे.
वहीं, पदमुक्त हो रहे अमित मालवीय ने नए नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए नए पदाधिकारियों-दीपक म्हस्के (प्रमुख) तथा सह-संयोजक प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को बधाई दी. उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में भाजपा के समर्थकों और कार्यकर्ताओं के विशाल परिवार ने देश के राजनीतिक विमर्श को बदलने में निर्णायक भूमिका निभाई है.
अमित मालवीय ने भरोसा जताया कि नई टीम के नेतृत्व में भाजपा का डिजिटल संचार नए कीर्तिमान स्थापित करेगा.