दंतेवाड़ा: राजस्थान का अंतरराज्यीय साइबर गिरोह पकड़ा गया, 4 गिरफ्तार
दंतेवाड़ा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की दंतेवाड़ा पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर अपराध गिरोह को ध्वस्त करते हुए राजस्थान से चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह थोक में 'म्यूल बैंक खातों' (किराये के बैंक खाते) की खरीद-बिक्री और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धोखाधड़ी की रकम निकालने के नेटवर्क में शामिल था.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजस्थान के अर्चित गुजराती (नागौर), आदिल हुसैन (नागौर), अमित वर्मा (जयपुर) और भूपेंद्र जांगिड़ (जोधपुर) के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, कई एटीएम कार्ड और ₹1,18,500 की नकदी बरामद की है.
जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबरों के माध्यम से व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर संचालित होता था. गिरोह के सदस्य भोले-भाले लोगों के बैंक खातों को खरीदते थे और देश भर में साइबर ठगी से जुटाए गए पैसे इन्हीं 'म्यूल खातों' में जमा कराते थे.
चौंकाने वाली बात यह है कि इन खातों से जुड़ी रकम को बाद में उच्च लेनदेन सीमा वाले डेबिट कार्डों के जरिए विदेशों के एटीएम से कैश निकाला जाता था.
दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में छत्तीसगढ़ सहित दिल्ली, उत्तर प्रदेश, केरल और कर्नाटक जैसे 10 राज्यों में दर्ज 20 से अधिक साइबर शिकायतों का समाधान होने की उम्मीद है.
पुलिस अब इस गिरोह के अंतरराष्ट्रीय संपर्कों और अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है. इसी के साथ दंतेवाड़ा पुलिस ग्रामीणों को बैंक फ्रॉड और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने के लिए निरंतर जागरूक कर रही है.