छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी करने वाला झारखंड से गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: झारखंड के देवघर जिले के मधुपुर इलाके से पुलिस ने एक बड़े साइबर फ्रॉड गिरोह के सरगना को छत्तीसगढ़ पुलिस ने दबोच लिया है. बालोद जिले की साइबर सेल और डौंडीलोहारा थाने की संयुक्त टीम ने इस सफलता को हासिल किया, जो क्षेत्र में डिजिटल अपराधों पर लगाम कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है.
आरोपी विकास कुमार दास (23 वर्ष), जो गुड्डू दास का बेटा है और केसरगढ़ा गांव का रहने वाला है, लंबे समय से फरार चल रहा था. विशेष अभियान के तहत स्थानीय मुखबिरों की सूचना पर टीम ने उसे हिरासत में ले लिया.
इस गिरोह ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का झांसा देकर भोले-भाले लोगों को लूटा. पीड़ित एक पूर्व बीएसपी कर्मचारी हैं, जिनके व्हाटएप पर एक संदिग्ध APK फाइल भेजी गई.
जैसे ही उन्होंने फाइल इंस्टॉल की, उनका फोन हैक हो गया और अपराधियों ने उनके खाते से कुल 12 लाख 13 हजार 860 रुपये उड़ा लिए. शिकायत मिलते ही डौंडीलोहारा थाने में केस दर्ज हुआ और तकनीकी जांच की गई.
जांच के दौरान बिहार के जमुई जिले से तीन अन्य सदस्य पहले ही पकड़े जा चुके थे. इनमें नीतीश कुमार दास (22 वर्ष, झुंडों गांव, खैरा थाना), अरविंद कुमार दास (18 वर्ष, बटपाल गांव, चकई थाना) और राकेश कुमार दास (21 वर्ष, झुंडों गांव, खैरा थाना) शामिल हैं.
इन गिरफ्तारियों ने पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में मदद की, जिसके बाद मुख्य सूत्रधार पर नकेल कसी गई. पुलिस का कहना है कि इस तरह के फ्रॉड से बचने के लिए संदिग्ध लिंक या फाइल्स से दूर रहें.