CCPL Season 2: बिलासपुर रायपुर की जीत
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित मैच में बिलासपुर तथा रायपुर ने जीत हासिल की है. छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के दूसरे सीजन का छठा दिन शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रोमांच से भरा रहा. बुधवार को खेले गये दो मुकाबलों में बिलासपुर बुल्स और रायपुर राइनोज ने शानदार प्रदर्शन करते हुये जीत हासिल की.
पहले मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने सूरजा टाइगर्स को 28 रनों से हराया. टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाली सूरजा टाइगर्स के सामने बिलासपुर ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 191 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. युवा बल्लेबाज आयुष पांडे ने सीजन का पहला शतक जड़ा और 66 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाये, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे. कप्तान शशांक सिंह ने 40 और शुभम मौर्या ने 31 रनों का योगदान दिया.
जवाब में सूरजा टाइगर्स 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 163 रन ही बना सकी. आशुतोष सिंह ने 62 और सनीध्या हुरकट ने 37 रनों की पारी खेली, लेकिन यह जीत के लिए पर्याप्त नहीं था. बिलासपुर के लिए मोहम्मद इरफान ने 4 और वरुण सिंह भुई ने 2 विकेट चटकाये.
दूसरे मैच में रायपुर राइनोज ने रायगढ़ लायंस को 5 विकेट से मात दी. टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी रायपुर ने रायगढ़ को 19.4 ओवर में 121 रनों पर समेट दिया. मयंक वर्मा ने 37 और आशीष पांडे ने 19 रन बनाये. रायपुर के गेंदबाजों में मयंक यादव, आशीष चौहान, श्रेयम सुंदरम और गौरव चतुर्वेदी ने 2-2 विकेट लिये.
122 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायपुर राइनोज ने 18.5 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. अनुज तिवारी ने 35 और अमनदीप खरे ने 27 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली. रायगढ़ के लिये पवनदीप और प्रवीण ने 1-1 विकेट लिया. श्रेयम सुंदरम को उनके शानदार प्रदर्शन के लिये मैन ऑफ द मैच चुना गया.