चांपा: राइस मिल में करंट की चपेट में आने से श्रमिक की मौत
चांपा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के चांपा के पचोरी मोड़ स्थित श्रीराम राइस मिल में शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हो गया, जिसमें एक युवा श्रमिक को अपनी जान गंवानी पड़ी. ग्राम पलाड़ीखुर्द (नदियापारा) निवासी 26 वर्षीय गंगाराम पटेल, पिता खीखराम पटेल, मिल में रोजाना की तरह कामकाज कर रहा था.
दोपहर करीब एक बजे काम के दौरान वह अचानक उच्च शक्ति वाले विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गया. बिजली का झटका इतना जोरदार था कि गंगाराम मौके पर ही बुरी तरह झुलस गया. आनन-फानन में वहां मौजूद अन्य कर्मचारी उसे अस्पताल ले जाने के लिए दौड़े, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया.
इस घटना की खबर फैलते ही मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया. बड़ी संख्या में लोग सारागांव थाना पहुंचे और मिल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए उचित मुआवजे की मांग पर अड़ गए.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप किया और शव को अपने नियंत्रण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह भेज दिया है. पुलिस प्रशासन अब मामले की जांच कर रहा है कि यह हादसा मिल में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ या कोई तकनीकी खराबी थी.