बिलासपुर में ज्वेलरी कारोबारी से पिस्तौल के बल पर लूट
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार रात बेखौफ बदमाशों ने एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया. सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर और टेलीफोन एक्सचेंज रोड के बीच सुनसान इलाके में नकाबपोश हमलावरों ने ज्वेलरी दुकान संचालक संतोष तिवारी को रोककर उनसे सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए.
वारदात रात करीब 9:28 बजे की है जब व्यवसायी अपनी दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने शक्ति चौक और बीएसएनएल ऑफिस के बीच संतोष तिवारी की कार को अपनी कार और बाइक से घेरा और उन्हें जबरन बाहर खींच लिया.
विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्तौल की बट और हथौड़े से उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. लूटपाट के बाद आरोपी अपनी कार (CG 10 BJ 8147) और पैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG 10 P 0331) मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए.
बिलासपुर आईजी राम गोपाल गर्ग ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मौके से कारतूस और मैगजीन बरामद की गई है, हालांकि फायरिंग नहीं हुई है.
घायल व्यवसायी ने किसी तरह सरकंडा थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.
फिलहाल सिविल लाइंस पुलिस और सीएसपी निमितेश सिंह की टीम मामले की जांच कर रही है और लावारिस छोड़ी गई गाड़ियों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है. लूटे गए जेवरातों की सही कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है.