शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बीजापुर में IED विस्फोट में युवक की दर्दनाक मौत

C

CG Khabar

19 जन. 2026, 06:37 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

IED bomb
IED bomb

बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों का कहर एक बार फिर निर्दोष लोगों पर टूटा है. पुलिस के अनुसार बीजापुर जिले के उसूर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्तुरीपाड़ गांव के निकट जंगल में माओवादियों द्वारा पहले से प्लांट किए गए प्रेशर आईईडी में विस्फोट होने से एक 20 वर्षीय युवक की जान चली गई.


मृतक की पहचान आयता कुहरामी (20 वर्ष), पिता बुधरा कुहरामी के रूप में हुई है, जो कस्तुरीपाड़ गांव का निवासी था. प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को आयता जंगल की ओर गया था. तभी अचानक उसके पैर के नीचे माओवादियों का बिछाया हुआ प्रेशर आईईडी फट गया, जिससे उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं.


गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.


सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों की टीम मौके पर पहुंची और व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया. फिलहाल क्षेत्र में सघन सर्चिंग जारी है, साथ ही छिपे हुए अन्य आईईडी को खोजकर निष्क्रिय करने का काम भी किया जा रहा है.


पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि जंगलों या दूरदराज के इलाकों में जाने से पहले अतिरिक्त सावधानी बरतें. किसी भी तरह की संदिग्ध चीज, व्यक्ति या गतिविधि दिखने पर फौरन निकटतम पुलिस स्टेशन या सुरक्षा कैंप में सूचना दें, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके.

Symbolic Photo

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP