छत्तीसगढ़ में नौ नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बुधवार को नौ नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया, जिनमें से छह पर कुल 24 लाख रुपये का इनाम था. बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि ये नक्सली वरिष्ठ पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण करने पहुंचे.
उन्होंने माओवादी विचारधारा की खोखली नीति, निर्दोष आदिवासियों पर अत्याचार और संगठन के भीतर बढ़ते मतभेदों से निराशा को आत्मसमर्पण का कारण बताया.
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में माओवादियों के माड़ डिवीजन के सदस्य बक्सु ओयम (27 वर्ष) शामिल हैं, जिन पर 8 लाख रुपये का इनाम था. इसके अलावा, दो क्षेत्रीय समिति सदस्य बुद्धराम पोतम (36 वर्ष) और हिदमा उर्फ हिरिया (26 वर्ष) हैं, जिन पर 5-5 लाख रुपये का इनाम था. अन्य तीन नक्सली मंगु उइका (38 वर्ष), रोशन करम (24 वर्ष) और मंगलो पोदियाम (23 वर्ष) हैं, जिन पर 2-2 लाख रुपये का इनाम घोषित था.
पुलिस ने बताया कि ये नक्सली राज्य सरकार की ‘नियद नेल्लानार’ (आपका अच्छा गांव) योजना, नई आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति, तथा बस्तर रेंज पुलिस द्वारा शुरू की गई ‘पुना मार्गम’ (सामाजिक पुनर्वास के लिए पुनर्वास) पहल से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण के लिये प्रेरित हुये.
सभी आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को 50,000 रुपये की तत्काल सहायता प्रदान की गई.
पुलिस ने बताया कि इनका पुनर्वास सरकार की नीति के अनुसार किया जाएगा. इस साल अब तक बीजापुर जिले में 277 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है.