रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: बीजापुर में IED ब्लास्ट, STF के तीन जवान घायल

C

CG Khabar

13 अक्टू. 2025, 02:26 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

IED bomb
IED bomb

बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार को हुए एक आईईडी (IED) ब्लास्ट में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के तीन जवान घायल हो गए. पुलिस के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब एक जवान का पैर प्रेशर आईईडी पर पड़ गया, जिससे ज़ोरदार धमाका हुआ.


यह एक सप्ताह में इस तरह का तीसरा ब्लास्ट है. सुरक्षा बलों के लगातार और सफल अभियानों के कारण राज्य में नक्सलियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है, जिसके बाद उन्होंने अब जंगल के रास्तों और पगडंडियों पर आईईडी लगाना बढ़ा दिया है.

विज्ञापन


सोमवार का हादसा कांडलापर्ती गांव के पास जंगल में यह घटना तब हुई जब एसटीएफ की टीम एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन पर थी. एक अधिकारी ने बताया कि घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद बीजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है.


अन्य हालिया घटनाएँ:


शनिवार को भी बीजापुर के उसूर थाना क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से सीआरपीएफ की कोबरा (CoBRA) यूनिट का एक जवान घायल हो गया था.


इससे पहले, 9 अक्टूबर को इसी जिले के गंगालूर क्षेत्र में एक नाबालिग लड़का भी इसी तरह के धमाके में ज़ख्मी हो गया था.


माओवादी सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने के लिए जंगल के रास्तों पर बारूदी सुरंगें बिछाते हैं, लेकिन इन धमाकों में अक्सर ग्रामीण भी शिकार बन जाते हैं. बस्तर क्षेत्र, जिसमें बीजापुर सहित सात जिले शामिल हैं, में इस तरह की नक्सली गतिविधियाँ बढ़ गई हैं.


SATP के अनुसार छत्तीसगढ़ में इस साल 2025 में 11 अक्टूबर तक नक्सली विस्फोट के कुल 32 मामलें हुये हैं जिनमें 16 लोग मारे गये हैं तथा 41 घायल हुये हैं.


पिछले साल 2024 में नक्सली विस्फोट के 32 मामलें हुये थे जिनमें कुल 27 मारे गये तथा 32 घायल हुये थे.


जब से छत्तीसगढ़ बना है तब से साल 2000 से इस साल 2025 के अब तक नक्सली विस्फोट के 512 मामलें हुये हैं जिनमें 750 लोग मारे गये हैं तथा 784 लोग घायल हुये हैं. इनमें नागरिक तथा सुरक्षा बल के जवान दोनों शामिल हैं. (फोटो-प्रतीकात्मक)

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP