रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बीजापुर: नक्सलियों के खिलाफ सख्ती, 3 लाख के इनामी 8 गिरफ्तार

C

CG Khabar

13 अक्टू. 2025, 01:44 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

Naxal Arrested
Naxal Arrested

बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है, जहां बासागुड़ा थाना क्षेत्र के पोलमपल्ली के निकट आठ सक्रिय नक्सलियों को धर दबोचा गया. यह कार्रवाई डीआरजी, स्थानीय थाना बासागुड़ा और केरिपु 168 बटालियन की संयुक्त टीम ने पुतकेल-पोलमपल्ली मार्ग पर अंजाम दी. 


गिरफ्तार नक्सलियों में से तीन पर कुल तीन लाख रुपये का इनाम लगा हुआ था, जो संगठन की आर्थिक और सैन्य शाखाओं से जुड़े थे.

विज्ञापन


नक्सलियों के पास से बरामद सामग्री में टिफिन बम, डेटोनेटर, सेफ्टी फ्यूज, कार्डेक्स वायर, बैटरी, विद्युत तारों के अलावा जमीन खोदने के उपकरण शामिल हैं. इसके साथ ही शासन-विरोधी नारों वाले पंपलेट और बैनर भी मिले, जो संगठन की प्रचार गतिविधियों का हिस्सा लगते हैं. 


ये सामान नक्सलियों की तोड़फोड़ की साजिशों को विफल करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं.


गिरफ्तार नक्सलियों की सूची में प्रमुख नाम कोसा सोड़ी उर्फ नेण्ड्रा है, जो आरपीसी का सीएनएम अध्यक्ष था और उसके सिर पर 2 लाख का इनाम था. निवासी नेण्ड्रा (बासागुड़ा). अन्य दो इनामी सदस्य हैं- जय सिंह माडवी (कमलापुर आरपीसी का सीएनएम सदस्य, 50 हजार इनाम) और मडकम अंदा (कमलापुर आरपीसी का सीएनएम सदस्य, 50 हजार इनाम). शेष पांच मिलिशिया सदस्य हैं: सोड़ी हिड़मा, मुचाकी बुधरा उर्फ भद्रा (भूमकाल मिलिशिया), माडवी राजू, माडवी हिड़मा और देवा माडवी (आरपीसी की आर्थिक शाखा सदस्य). सभी आरोपी कमलापुर या जोन्नागुड़ापारा (बासागुड़ा) के निवासी हैं.


सभी नक्सलियों के खिलाफ बासागुड़ा थाने में कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां न्यायिक हिरासत की मांग की गई है. यह घटना क्षेत्र में नक्सल प्रभाव को कमजोर करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है.


SATP के आंकड़ें


साल 2025 में 7 अक्टूबर तक 220 नक्सलियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पिछले साल 2024 में 265 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया था. छत्तीसगढ़ बनने के समय साल 2000 से लेकर अब तक 4042 नक्सलियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.


नक्सलियों की सबसे ज्यादा गिरफ्तारी साल 2016 में 438, साल 2014 में 386, साल 2017 में 377 तथा साल 2018 में 357 हुई थी.


इन्हीं 25 सालों में आंध्रप्रदेश में 1562 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, झारखंड में 3684, महाराष्ट्र में 505, ओडिशा में 1606 तथा तेलंगाना में 565 नक्सली गिरफ्तार किये गये हैं.


आंकड़ों के आधार पर दावा किया जा सकता है कि छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा नक्सली गिरफ्तार किये गये हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP