बीजापुर में 4 नक्सली गिरफ्तार, दो पर 9 लाख का इनाम घोषित
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग स्थानों से चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. इनमें से दो पर कुल 9 लाख रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी.
जिला पुलिस के अनुसार, गुरुवार को पामेड़ थाना क्षेत्र के पोलमपल्ली गांव के जंगलों से मल्लेश कुंजाम को पकड़ा गया. वह माओवादियों की जगारगुंडा एरिया कमेटी का डिविजनल कमेटी सदस्य है और उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस पर हमले, आगजनी, लूट और अपहरण जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं. तर्रेम, पामेड़, उसूर और आवापल्ली थानों में उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज हैं.
कुंजाम पर 8 लाख रुपये का इनाम था. उसे जिला रिजर्व गार्ड और सीआरपीएफ की कोबरा 210वीं बटालियन की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया.
वहीं दूसरी कार्रवाई में दरमेर गांव से जनताना सरकार इकाई का प्रमुख अनिल वेको को गिरफ्तार किया गया. उस पर एक लाख रुपये का इनाम था और पिछले दो वर्षों में कई आईईडी ब्लास्ट और पुलिस दल पर हमलों का आरोप है.
इसी दौरान, 228वीं सीआरपीएफ बटालियन और स्थानीय पुलिस ने पामेड़ थाना क्षेत्र के पोलमपल्ली गांव से वंजाम हुंगा और सोढ़ी नांदे को भी हिरासत में लिया.
दोनों माओवादी संगठन के पोलमपल्ली रिवोल्यूशनरी पीपुल्स कमेटी के सक्रिय सदस्य थे.
पूछताछ में उनकी निशानदेही पर पदालू गांव के जंगलों से छह देसी बंदूकें भी बरामद की गईं.
बताया जा रहा है कि दोनों इन हथियारों को नक्सलियों तक पहुँचाने वाले थे.