बीजापुर: मुठभेड़ में अब तक 6 माओवादी के शव बरामद
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ में अब तक आटोमैटिक हथियार सहित 6 माओवादी का शव बरामद किया गया है. मंगलवार को बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच सुबह से रूक-रूक कर फायरिंग जारी है. जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की जानकारी के आधार पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा एवं एसटीएफ की संयुक्त पार्टी ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया.
बीजापुर एसपी जितेन्द्र यादव ने बताया कि इस अभियान के दौरान DRG बीजापुर, DRG दंतेवाड़ा एवं STF की सयुंक्त टीमों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग जारी है. अब तक सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से 6 माओवादी के शव, ऑटोमैटिक हथियार इंसास, स्टेनगन, 303 रायफल सहित अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री और माओवादी सामग्री मौके से बरामद हुई है.
बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान घायल नक्सली भागकर तारलागुड़ा मार्ग की ओर पहुंचे, लेकिन जवानों की घेराबंदी में वे पकड़े गए. सुरक्षा बलों ने घायल नक्सलियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार प्रदान किया और बाद में उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से बीजापुर जिला अस्पताल भेजा गया है. घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार, नक्सली साहित्य और रोजमर्रा के उपयोग की वस्तुएं बरामद होने की खबर है.
आईजी सुन्दरराज पी. ने कहा कि अभियान का परिणाम, जिसमें 6 कुख्यात माओवादी कैडर मारे गए हैं. सुरक्षा बलों के लिए एक निर्णायक और महत्वपूर्ण बढ़त है, यह सफलता ऐसे समय में मिली है जब माओवादी संगठन नेतृत्वविहीन, दिशाहीन और मनोबलहीन स्थिति में अपने कुछ बचे हुए ठिकानों में सिमटकर रह गया है.
उन्होंने कहा कि DRG/STF/Bastar Fighters/CRPF/CAF पुलिस बल की अतिरिक्त टीमें आसपास के क्षेत्रों में भेजी गई हैं ताकि अन्य फरार माओवादी कैडरों की घेराबंदी की जा सके. चूंकि ऑपरेशन अभी जारी है. इसलिए मुठभेड़ के स्थान, ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारी इस समय साझा नहीं की जा सकती ताकि ऑपरेशन में लगे जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन जारी है और क्षेत्र को चारों ओर से घेर लिया गया है ताकि कोई भी नक्सली मौके से फरार न हो सके. (symbolic photo).