बीजापुर में 54 लाख के इनामी 12 हार्डकोर नक्सलियों का आत्मसमर्पण
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 54 लाख रुपये के इनामी 12 हार्डकोर नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है. आत्मसमर्पण करने वालों में 8 महिला और 4 पुरुष नक्सली शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों ने एक AK-47, एक SLR राइफल, भरमार बंदूक समेत जिलेटिन स्टिक, डेटोनेटर, गनपाउडर और कॉर्डेक्स वायर जैसी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी सौंप दी है.
नक्सलियों ने बताया कि राज्य सरकार की पुनर्वास नीति और सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव से प्रभावित होकर उन्होंने मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया.
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली माओवादी संगठन की बटालियन नंबर-1, कंपनी नंबर-1 और पीपीसीएम से जुड़े हुए थे. इनमें 8 लाख रुपये का इनामी सोमडू मड़काम, जो कटेकल्याण एरिया कमेटी का इंचार्ज रह चुका है, भी शामिल है.
इसके अलावा हूंगी कुंजाम और पायकी कुंजाम पर भी 8-8 लाख रुपये, आयती मड़काम और चमन लाल कुड़ियाम पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था.
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को प्रति व्यक्ति 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है. साथ ही, राज्य शासन की पुनर्वास नीति के तहत मिलने वाले सभी लाभ जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे.
गौरतलब है कि वर्ष 2024 से 31 जनवरी 2026 तक बीजापुर जिले में कुल 888 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जो नक्सल प्रभावित क्षेत्र में शांति की दिशा में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है.