भिलाई: होली के जश्न के बीच युवक ने खुदकुशी की
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में राजीव नगर निवासी 24 वर्षीय सौरभ सोनकर ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली. विडंबना यह रही कि जिस दिन पूरा देश रंगों के त्योहार में डूबा था, सौरभ ने भी परिजनों के साथ दिनभर हर्षोल्लास से होली खेली थी, लेकिन रात होते-होते उसका शव फंदे पर लटका मिला.
घटना के प्रकाश में आते ही हड़कंप मच गया और आनन-फानन में दोस्त व परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर भागे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत करार दिया.
युवक की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में लोगों का भारी मजमा लग गया, जिससे कुछ समय के लिए वहां की स्थिति संवेदनशील हो गई. हालांकि, बाद में परिजनों की सहमति से शव को अस्पताल की मर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपेला और वैशाली नगर दोनों थानों की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों सहित पीड़ित परिवार से पूछताछ कर रही है.
सुपेला के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किस मानसिक दबाव या वजह ने युवक को यह आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर किया.