भिलाई: घूसखोर पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर निलंबित
दुर्ग । संवाददाता: भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रशासन ने भिलाई-3 में बड़ी कार्रवाई की है. जमीन बंटवारे के बदले 45 हजार रुपये की रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, प्रशासन ने पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
यह मामला अहिवारा क्षेत्र का है, जहां प्रार्थी अमन कुमार टंडन और भूमिस्वामी उत्तम टंडन से काम के बदले अवैध राशि ली गई थी.
तहसीलदार की जांच में पटवारी ने पैसे लेने की बात स्वीकार की, हालांकि उन्होंने इसे वेतन मिलने पर लौटाने का दावा कर बचाव की कोशिश की.
प्रशासन ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम का गंभीर उल्लंघन मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की है. निलंबन अवधि के दौरान पटवारी का मुख्यालय अहिवारा तहसील कार्यालय नियत किया गया है.