शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बस्तर में पानी में डूबकर 5 बच्चों की मौत

C

CG Khabar

04 अग. 2025, 05:14 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

पानी में डूबना
पानी में डूबना

जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बस्तर जिलों में रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में पांच बच्चों की पानी में डूबने से मृत्यु हो गई. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इन घटनाओं पर शोक व्यक्त करते हुए अपने एक्स पोस्ट में कहा, "मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी क्षेत्र और जगदलपुर (बस्तर) के हजारीगुड़ा गाँव में गहरे पानी में नहाते समय पांच बच्चों की दुखद मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद है. मैं भगवान श्री राम से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकग्रस्त परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति दें." 


उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को सरकारी नियमों के अनुसार 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिये हैं. साथ ही, उन्होंने आम जनता से बरसात के मौसम में बाढ़ग्रस्त नदियों, नालों और गहरे जल स्रोतों के पास जाने से बचने की अपील की.


मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के छछानपहरी गाँव में तीन बच्चे नवयांश कुमार, हिमांशु साहू और लक्ष्य, जिनकी उम्र 6-7 वर्ष थी. रविवार शाम को तालाब में नहाने गये थे. 

सरपंच पंचराम चंद्रवंशी ने बताया कि जब बच्चे लंबे समय तक दिखाई नहीं दिये तो उनकी तलाश शुरू की गई. कुछ ग्रामीणों ने तालाब के किनारे बच्चों के कपड़े देखे और अन्य ग्रामीणों की मदद से बच्चों के शव निकाले गये.  


वहीं, बस्तर के हजारीगुड़ा गाँव में एक परित्यक्त पत्थर खदान में दो बच्चों की उसी तरह डूबने से मृत्यु हो गई. 


पुलिस ने दोनों मामलों में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP