बस्तर: अवैध शराब पर अपनी ही सरकार पर बरसे BJP MLA
बस्तर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अवैध शराब की बेखौफ बिक्री को लेकर सियासत गरमा गई है. चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक विनायक गोयल ने अपनी ही सरकार के पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
विधायक का आरोप है कि उनके क्षेत्र के गांवों, ढाबों और यहां तक कि किराना दुकानों में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की अंग्रेजी शराब धड़ल्ले से बेची जा रही है.
उन्होंने थानेदारों और आबकारी अधिकारियों पर शराब कोचियों के साथ मिलीभगत का सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं.
गोयल ने चिंता जताई कि इस अवैध कारोबार के कारण बस्तर का युवा वर्ग नशे की चपेट में आ रहा है और ग्रामीण अंचलों में पारिवारिक विवाद बढ़ रहे हैं.
विधायक ने अब इस मामले की शिकायत कलेक्टर, एसपी और आईजी से करने तथा लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करने की चेतावनी दी है.
भाजपा विधायक के इन आरोपों के बाद विपक्षी दल कांग्रेस को सरकार पर हमला करने का मौका मिल गया है. कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य ने चुटकी लेते हुए कहा कि जो भाजपा खुद को ईमानदार सरकार बताती है, आज उसी के विधायक अपने ही तंत्र से गुहार लगाने को मजबूर हैं.
उन्होंने कहा कि यह स्थिति स्पष्ट करती है कि पूरे प्रदेश में अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है. एक तरफ जहां कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन अवैध शराब बेचने वालों को संरक्षण दे रहा है.
दूसरी ओर, इस पूरे विवाद पर जब आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने चुप्पी साध ली और कोई भी प्रतिक्रिया देने से बचते नजर आए.