रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बलौदाबाजार हिंसा: छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के अमित बघेल गिरफ्तार

C

CG Khabar

14 जन. 2026, 03:14 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

अमित बघेल
अमित बघेल

बलौदाबाजार । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में जून 2024 में हुई आगजनी और हिंसा के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के संस्थापक और प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल को गिरफ्तार कर लिया है. बुधवार को पुलिस ने बघेल को रायपुर जेल से लाकर बलौदाबाजार की स्थानीय अदालत में पेश किया, जहाँ से उन्हें दो दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. 


अमित बघेल पहले से ही एक अन्य मामले में रायपुर जेल में बंद थे.

विज्ञापन


यह गिरफ्तारी संगठन के अन्य प्रमुख पदाधिकारियों, प्रदेश अध्यक्ष अजय यादव और संगठन सचिव दिनेश वर्मा की हालिया गिरफ्तारी के बाद हुई है. 


10 जून 2024 को सतनामी समाज के पूज्य प्रतीक 'जैतखाम' के अपमान के विरोध में आयोजित प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क गई थी, जिसमें प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आग लगा दी थी. 


इस उपद्रव में सरकारी और निजी वाहनों सहित कुल 12.53 करोड़ रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है.


पुलिस अब तक इस मामले में कुल 13 एफआईआर दर्ज कर चुकी है और अमित बघेल सहित 200 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. 

गिरफ़्तारी के बाद सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली और अजक थानों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. 


इस मामले में कांग्रेस, भीम आर्मी और क्रांति सेना के कई पदाधिकारी पहले ही सलाखों के पीछे हैं. 


पुलिस अधिकांश मामलों में चार्जशीट पेश कर चुकी है और गवाहों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, जिससे एक बार फिर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP