छत्तीसगढ़: बालोद में ट्रक की टक्कर से महिला की मौत
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में हुए सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई.
घटना ग्राम सांकरा (क) की है, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग 930 पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार, 13 जनवरी को ईश्वर पिस्दा अपनी पत्नी भारती के साथ बाइक से करहीभदर बाजार गए थे. बाजार से लौटते समय राम प्रसाद साहू के घर के सामने पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.
हादसे में भारती के सिर और कमर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घायल ईश्वर पिस्दा को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, बाद में हालत गंभीर होने पर धमतरी रेफर किया गया. बालोद थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है.