रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बालोद: उपसरपंच के भतीजे की चाकू से गोदकर हत्या

C

CG Khabar

03 अप्रै. 2026, 02:13 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

हत्या
हत्या

बालोद । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां आस्था के केंद्र मंदिर को लेकर उपजा विवाद हत्या में तब्दील हो गया. डौंडीलोहारा थाना अंतर्गत ग्राम जोगीभाठ में बीती रात शीतला मंदिर के संचालन और व्यवस्था को लेकर बुलाई गई बैठक खूनी संघर्ष में बदल गई. 


इस हिंसक झड़प में उपसरपंच के भतीजे कुणाल देशमुख पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित पांच लोगों को धरदबोचा है.

विज्ञापन


मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बटेरा के आश्रित गांव जोगीभाठ में ग्रामीण शीतला मंदिर से जुड़े किसी विषय पर चर्चा करने के लिए एकत्रित हुए थे. 


बैठक के दौरान उपसरपंच डोमेन्द्र देशमुख और कुछ ग्रामीणों के बीच असहमति बनी, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और हाथापाई तक जा पहुंची. 


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर सोहन लाल साहू नामक व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ हमला बोल दिया. 


जब उपसरपंच का भतीजा कुणाल अपने चाचा को बचाने के लिए बीच में आया, तो आरोपी ने उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. 


लहूलुहान हालत में कुणाल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन घाव गहरे होने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.


वारदात के बाद गांव में सन्नाटा और आक्रोश का माहौल है. स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. 


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य आरोपी सोहन लाल साहू और चार अन्य संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.  

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP