रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

IIT भिलाई में B Tech छात्र की मौत, मेडिकल लापरवाही का आरोप

C

CG Khabar

12 नव. 2025, 12:14 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

शव
शव

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के भिलाई में आईआईटी के हॉस्टल में रह रहे बीटेक के एक छात्र की मंगलवार को मौत हो गई. मृतक की पहचान सौमिल साहू (18) के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले के हरदा बाईपास का रहने वाला था और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के प्रथम सेमेस्टर में पढ़ रहा था. 


दुर्ग के पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने पुष्टि की कि साहू को मंगलवार सुबह करीब 10 बजे मिर्गी का दौरा पड़ा. उन्हें तुरंत स्पर्श अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. एसपी ने बताया कि मौत की सूचना मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है. 

विज्ञापन


आईआईटी भिलाई के प्रवक्ता रत्नदीप सामंत ने कहा कि मौत प्राकृतिक थी. उन्होंने आगे कहा कि मृत्यु के सटीक कारण की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी.


इस बीच, छात्रों ने इस मौत के बाद संस्थान में चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया. आईआईटी के सूत्रों ने बताया कि साहू को सोमवार को बुखार था और वह संस्थान परिसर स्थित स्वास्थ्य केंद्र गए थे. सूत्रों का आरोप है कि केंद्र में उनका सही से निदान नहीं किया गया. सूत्रों ने यह भी बताया कि जब साहू की तबियत बिगड़ी, तो उन्हें मंगलवार को वापस स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया था.


आईआईटी-भिलाई ने एक बयान जारी कर कहा, "हम बड़े दुख के साथ सूचित करते हैं कि इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक के प्रथम सेमेस्टर के छात्र सौमिल साहू का मंगलवार, 11 नवंबर 2025 को निधन हो गया. सौमिल एक मेधावी युवा छात्र थे, जिनकी दुखद, असामयिक और अप्रत्याशित मृत्यु से पूरा आईआईटी भिलाई समुदाय गहरे सदमे और दुख की स्थिति में है... इस मुश्किल क्षण में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पूरी तरह से उनके माता-पिता और दोस्तों के साथ हैं."

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP