छत्तीसगढ़: भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर । संवाददाता: बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव का क्षेत्र अब मैदानी इलाकों की ओर आगे बढ़ चुका है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह मौसम प्रणाली उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड से होते हुए अगले 24 घंटों में उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ेगी. इसके चलते छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.
विशेष रूप से उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में खतरे की घंटी बज चुकी है, जहां बेहद भारी बारिश (Extremely Heavy Rainfall) होने की प्रबल संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग ने पूरे राज्य के लिए अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है.
लगातार हो रही बारिश से राज्य के निचले इलाकों में जलभराव और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी का जोखिम बढ़ गया है.
मानसून की इस सक्रियता के चलते मध्य भारत समेत पड़ोसी राज्यों मध्य प्रदेश, ओडिशा और झारखंड में भी मूसलाधार बारिश का अनुमान है. प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने और आवश्यकता पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है.