सड़क परियोजनाओं के लिये 600 Cr की मंजूरी
रायपुर । संवाददाता: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाक़ात की, जिसमें राज्य की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंज़ूरी मिली. बैठक की सबसे बड़ी उपलब्धि रही केन्द्रीय सड़क निधि के तहत 600 करोड़ रुपये की मंज़ूरी.
इसके ज़रिये छत्तीसगढ़ में कई सड़कों के निर्माण और उन्नयन का रास्ता साफ़ हुआ है.
इसके साथ ही स्टेट कैपिटल रीजन के अंतर्गत आने वाले दो लेन मार्ग को चार लेन में अपग्रेड करने की योजना को भी मंजूरी मिली है. रायपुर शहर की भीड़भाड़ को कम करने के लिये चार बड़े ब्रिज बनाए जायेंगे, जिनका भूमि पूजन शीघ्र ही होगा.
वहीं, राजधानी रायपुर से अन्य ज़िलों तक की सड़कें दो लेन से चार लेन में बदली जायेंगी, जिससे आवागमन तेज़ और सुरक्षित हो जायेगा.
मंत्री गडकरी ने रायपुर (आरंग)-बिलासपुर (दर्री) के बीच करीब 95 किमी लंबी छह लेन सड़क के लिए डीपीआर भेजने को कहा, जो औद्योगिक, कृषि और शैक्षिक क्षेत्रों को जोड़ेगी. साथ ही, नागपुर से रायपुर तक प्रस्तावित 300 किमी लंबा समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भी शीघ्र डीपीआर मांगा गया है.
इनमें बिलासपुर शहर के भीतर 15 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण शामिल है, जिससे शहर में ट्रैफिक आसान होगा. कटनी-गुमला मार्ग के हिस्से में 11 किलोमीटर सड़क बनेगी जो गांवों को जोड़ने में मदद करेगी.
वहीं, केशकाल के 4 किलोमीटर हिस्से की सड़क को मज़बूत किया जायेगा, जिससे पहाड़ी क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी.