छत्तीसगढ़: अवैध वसूली पर 6 पुलिसकर्मी निलंबित
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ पुलिस ने अनुशासनहीनता और कर्तव्य में लापरवाही को लेकर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है. यह घटना बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र की है, जहां वाहन जांच के दौरान पुलिसकर्मियों पर अवैध रूप से पैसे वसूलने के आरोप लगे थे.
12 जून 2025 को राजपुर थाना के सामने वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इस दौरान कई वाहन चालकों ने शिकायत दर्ज कराई कि पुलिसकर्मी उनसे अनावश्यक रूप से पैसे वसूल रहे हैं. यह मामला जब पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के संज्ञान में आया, तो उन्होंने तत्काल जांच का आदेश दिया.
जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर एसपी ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक सब-इंस्पेक्टर, एक प्रधान आरक्षक और चार आरक्षकों समेत कुल 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया. साथ ही, इन सभी को बलरामपुर के रक्षित केंद्र में तैनात कर दिया गया है.
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन और पारदर्शिता सबसे अधिक महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा, "किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या जनता के साथ अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई की जायेगी."