छत्तीसगढ़: 3 युवा BCCI इमर्जिंग टीम्स टूर्नामेंट के लिए चयनित
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के खेल गलियारे से एक बड़ी और गर्व करने वाली खबर सामने आई है. छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (CSCA) के तीन होनहार खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह पक्की की है.
ऑल इंडिया जूनियर सिलेक्शन कमेटी और सीनियर सिलेक्शन कमेटी ने बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इमर्जिंग टीम्स टूर्नामेंट 2026 के लिए राज्य के तीन क्रिकेटरों का चयन किया है.
इस आगामी टूर्नामेंट के लिए घोषित टीमों में छत्तीसगढ़ के उभरते हुए स्पिन गेंदबाज वरुण सिंह भुई को टीम 'A' में शामिल किया गया है.
वहीं, शानदार विकेटकीपर-बल्लेबाज मयंक वर्मा को टीम 'B' और बेहतरीन सलामी बल्लेबाज आयुष पांडे को टीम 'D' में जगह मिली है.
यह प्रतियोगिता बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आगामी 6 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक खेली जाएगी.
इस टूर्नामेंट के दौरान देश के सर्वश्रेष्ठ उभरते हुए खिलाड़ियों के बीच तीन मल्टी-डे मैच खेले जाएंगे. यह प्रतियोगिता इन युवा क्रिकेटरों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होने वाली है, क्योंकि इसके जरिए उन्हें लंबे फॉर्मेट (रेड बॉल क्रिकेट) में खेलने का अनुभव मिलेगा.
साथ ही, खिलाड़ियों को हाई-परफॉर्मेंस मैच कंडीशंस में खुद को परखने और बीसीसीआई के शीर्ष कोचों की देखरेख में अपनी बारीकियों को सुधारने का एक शानदार अवसर प्राप्त होगा. राज्य के इन तीनों खिलाड़ियों के चयन से छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रेमियों और एसोसिएशन में खुशी की लहर है.