शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़:13 महीनों में 2,599 तस्कर गिरफ्तार, 20,089 किलो गांजा जब्त

C

CG Khabar

25 फ़र. 2026, 01:50 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

छत्तीसगढ़ विधानसभा
छत्तीसगढ़ विधानसभा

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ विधानसभा में बुधवार को नशे के अवैध कारोबार और ड्रग तस्करी के खिलाफ सरकार द्वारा की गई बड़ी कार्रवाई का ब्यौरा पेश किया गया. गृह मंत्री और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सदन को सूचित किया कि पिछले 13 महीनों के दौरान राज्य पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ निरंतर और प्रभावी अभियान चलाते हुए कुल 1,434 मामले दर्ज किए हैं. 


इन कार्यवाहियों के तहत अब तक 2,599 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने इस दौरान 20,089 किलो गांजा, तीन लाख से अधिक नशीली दवाएं (साइकोट्रोपिक ड्रग्स) और अन्य प्रतिबंधित सामग्री जब्त की है.


सदन में भाजपा विधायकों द्वारा लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रशासन पर लगे शिथिलता के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार अवैध दवाओं की तस्करी और बिक्री को रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. 


विजय शर्मा ने साल-दर-साल के आंकड़े पेश करते हुए बताया कि अकेले वर्ष 2025 में 1,288 मामले दर्ज कर 2,342 लोगों को जेल भेजा गया, जबकि वर्ष 2026 के जनवरी माह तक ही 146 मामले दर्ज कर 257 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है.


इससे पूर्व, भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने राज्य में बढ़ते नशाखोरी के आंकड़ों पर चिंता जताते हुए सरकार को घेरा था. उन्होंने एम्स और केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्रालय के सर्वेक्षण का हवाला देते हुए दावा किया कि राज्य में लाखों लोग अफीम और गांजे के सेवन के आदी हैं, जिनमें 10 से 17 वर्ष की आयु के लगभग 40,000 बच्चे भी शामिल हैं. 


हालांकि, गृह मंत्री ने इन दावों पर पलटवार करते हुए कहा कि सरकार केवल कार्रवाई ही नहीं कर रही, बल्कि जागरूकता अभियान भी चला रही है. उन्होंने बताया कि टोल-फ्री हेल्पलाइन "मानस" (1933) के माध्यम से अवैध गतिविधियों की सूचना ली जा रही है और स्कूलों-कॉलेजों में नशा मुक्ति के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP