CGBSE 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम बुधवार दोपहर 2:30 बजे जारी होंगे
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं में शामिल हुए लाखों विद्यार्थियों का इंतजार कल खत्म होने जा रहा है. प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बुधवार, 29 अप्रैल को दोपहर ढाई बजे आधिकारिक रूप से परीक्षा परिणामों की घोषणा करेंगे.
परिणाम जारी करने का यह कार्यक्रम अटल नगर नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) के कक्ष क्रमांक S-2-12 में आयोजित किया जाएगा.
शिक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए परीक्षार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों के कठिन परिश्रम और उनके गुरुओं के मार्गदर्शन का सुखद फल है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंकों को सकारात्मकता के साथ स्वीकार करें और आत्मविश्वास के साथ जीवन की नई पारी की शुरुआत करें.
इंतज़ार की घड़ियाँ अब समाप्ति की ओर हैं।
कल दोपहर 02:30 बजे माध्यमिक शिक्षा मंडल के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम औपचारिक रूप से घोषित किए जाएंगे। यह केवल अंकों की घोषणा नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और अभिभावकों व शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का प्रतिफल है।…
— Gajendra Yadav (@GajendraYdvBJP) April 28, 2026
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष कक्षा 10वीं का हिंदी का पर्चा लीक होने के कारण परीक्षा 10 अप्रैल को पुन: आयोजित की गई थी, जिसकी वजह से नतीजों के प्रकाशन में थोड़ा विलंब हुआ है.
मंडल की सचिव पुष्पा साहू के अनुसार, मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी तरह सावधानी के साथ संपन्न कर ली गई है ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे. इस वर्ष प्रदेश भर से लगभग 5.66 लाख छात्र-छात्राओं ने बोर्ड परीक्षाएं दी हैं, जिनमें 10वीं के 3.20 लाख और 12वीं के 2.45 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल हैं.
घोषणा के तुरंत बाद छात्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइटों cgbse.nic.in और results.cg.nic.in पर जाकर अपना रोल नंबर दर्ज कर परिणाम चेक कर सकते हैं. इसके अतिरिक्त, छात्रों की सुविधा के लिए डिजिटल मार्कशीट 'डिजिलॉकर' (DigiLocker) पर भी उपलब्ध कराई जाएगी.