रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दरभा-झीरम नाले में बही कार, पति-पत्नी समेत दो बच्चों की मौत

H

Hupendra Sharma

27 अग. 2025, 07:37 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

नाले में बही कार
नाले में बही कार

बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में तमिलनाडु से बस्तर घूमने आए एक परिवार की कार दरभा-झीरम नाले में बह गई. हादसे में पति-पत्नी समेत दो मासूम बच्चों की मौत हो गई. वहीं चालक ने तैरकर जान बचाई.


कार सवारों को ढूंढ़ने जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने करीब 18 घंटे कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद कार के अंदर से चारों की लाश बरामद हुई. इसकी पुष्टि एडिशनल एसपी महेश्वर नाग ने की है. 

विज्ञापन


बस्तर संभाग में पिछले 2 दिनों से हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है. लगातार हो रही तेज बारिश के कारण क्षेत्र के कई नदी-नाले उफान पर हैं.


छोटे-छोटे नाले भी सड़कों के ऊपर से बह रहे हैं. जगदलपुर से सुकमा को जोड़ने वाले नेशनल हाइवे-30 पर पड़ने वाला दरभा-झीरम नाला भी उफान पर है.


मंगलवार की सुबह करीब 8 बजे तमिलनाडु का रहने वाला एक परिवार दंतेवाड़ा से दर्शन कर जगदलपुर की ओर स्विफ्ट कार में सवार होकर जा रहा था.


इस दौरान वे झीरम नाले के पास पहुंचे तो नाला उफान पर था. नाले में जलभराव और तेज बहाव को देखकर स्थानीय लोगों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन कार चालक ने कार निकालने का प्रयास किया. 


तेज बहाव के कारण कार अचानक असंतुलित होकर पलट गई और देखते ही देखते कार तेज बहाव में बह गई. कार में 5 लोग सवार थे.


चालक ने तो किसी तरह कार से कूद अपनी जान बचा ली, लेकिन कार में सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चे तेज बहाव में कार के साथ बहते चले गए.


घटना की सूचना मिलते ही दरभा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया. कुछ देर में जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई.


टीम ने करीब 18 घंटे मशक्कत की. जिसके बाद रात करीब दो बजे कार के अंदर से चारों की लाश बरामद हुई.


फिलहाल शवों को जगदलपुर मेडिकल कॉलेज लाया गया है. मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP