शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग में CAF जवान का अपहरण, 11 लाख के विवाद में महिला और ड्राइवर गिरफ्तार

C

CG Khabar

14 अक्टू. 2026, 04:25 AM 2 मिनट में पढ़ें 7

आरोपी-दुर्ग
आरोपी-दुर्ग

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भारतीय सशस्त्र बल (सीएएफ) के एक जवान के साथ मारपीट, अपहरण और अवैध रूप से बंधक बनाने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है. रायगढ़ की 6वीं बटालियन में तैनात जवान विजय शील को पैसों के पुराने विवाद के चलते दुर्ग बस स्टैंड के पास से जबरन उठाकर गोकुल नगर के एक मकान में ले जाया गया था. 


वहां आरोपियों ने मारपीट करते हुए जवान से स्टाम्प पेपर पर दबावपूर्वक हस्ताक्षर करवाए. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस जुर्म में शामिल मुख्य आरोपी हरजिंदर कौर (47) और उसके ड्राइवर कृष्ण कुमार सिन्हा (37) को गिरफ्तार कर लिया है.


वारदात का पता तब चला जब बंधक बने जवान विजय शील ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपने मोबाइल से अपनी लाइव लोकेशन रायगढ़ स्थित सीएएफ कमांडेंट व अन्य वरिष्ठ अफसरों को भेज दी. 


लोकेशन मिलते ही दुर्ग पुलिस एक्शन में आई और जवान को तलाशने के लिए रातभर गहन सर्च ऑपरेशन चलाया. इस बीच पीड़ित जवान आरोपियों के चंगुल से बचकर नजदीकी जंगल में छिप गया था, जिसे अगली सुबह पुलिस टीम ने सकुशल बरामद कर लिया.


शुरुआती जांच के अनुसार, जवान और ट्रांसपोर्टर परिवार से जुड़ी आरोपी महिला के बीच लगभग 11 लाख रुपए के लेन-देन को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी. इसी सिलसिले में जब जवान दुर्ग पहुंचा, तो आरोपियों ने उसकी घेराबंदी कर ली. पुलगांव थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP