बस्तर में 1 करोड़ से अधिक की शराब पर चला बुलडोजर
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में पुलिस विभाग द्वारा अलग-अलग मामलों में जब्त की गई 30 हजार 636 लीटर शराब पर बुलडोजर चलाकर उसे नष्ट कर दिया गया. नष्ट की गई शराब की कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपए है.
यह कार्रवाई जिला स्तरीय मदिरा नष्टीकरण समिति ने बकावंड थाने के ग्राम राजनगर में की.
बताया गया कि बस्तर जिले के 13 थानों की पुलिस ने 4 हजार 398.960 लीटर देशी और 26 हजार 237.070 लीटर विदेशी शराब जब्त की थी.
इन थानों में कोतवाली, बोधघाट, परपावंड, लोहण्डीगुड़ा, बड़ांजी, कोडेनार, दरभा, भानपुरी, मारडूम, चक्रधरपुर, बकावंड, बुरगुम आदि शामिल है.
शराब की बोतलों पर बुलडोजर चलाने से पहले जेसीबी से गड्ढा खोदा गया. उसके बाद उस पर बुलडोजर चलाकर नष्ट किया गया. फिर नष्ट शराब और टूटी हुई बोतल को उसमें डालकर ऊपर से मिट्टी भरी गई.
एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि काफी दिनों से शराब मालखाने में रखी हुई थी. इतनी बड़ी मात्रा में शराब रखने के कारण मालखाना भर गया था. शराब नष्टीकरण के बाद अब मालखाने में काफी जगह है.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नष्ट की गई शराब में छत्तीसगढ़, एमपी और ओडिशा की शराब थी. अभी भी शराब बची हुई है, जिसे बहुत जल्द फिर नष्ट किया जाएगा.
एक तरफ नष्टीकरण दूसरी तरफ फिर जब्त हुई शराब
करपावंड़ थाना क्षेत्र में 2 अलग अलग मामलों में 350 लीटर अवैध शराब की जब्त की गई. जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 63 हजार रुपये आंकी गई है.
साथ ही शराब के अंतरराज्यीय तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार तस्करों में 5 करपावंड थाना क्षेत्र और 2 ओडिशा उमरकोट के निवासी हैं.
सभी तस्करों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. एक महिंद्रा बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया है.
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है.