BSP स्क्रैप चोरी: रायपुर इस्पात के मालिक और निदेशक गिरफ्तार, बीएसपी के GM समेत 3 निलंबित
दुर्ग । संवाददाता: दुर्ग जिले के प्रसिद्ध भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से लगभग 250 टन लोहे के कबाड़ की चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रायपुर इस्पात कंपनी के मालिक विनोद गर्ग और निदेशक संदीप सिंह को धर दबोचा है. आरोपियों पर चुराए गए स्क्रैप को अपनी फैक्ट्री में खपाने का संगीन आरोप है, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया.
इस बीच, संयंत्र में हुई इस गंभीर सेंधमारी पर कड़ा रुख अपनाते हुए बीएसपी प्रबंधन ने अपने एसएमएस-3 विभाग के जीएम हिमांशु भूषण मालिक, धनंजय वर्मा और मनोज कुमार देवांगन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
पुलिस की तफ्तीश में इस सुनियोजित चोरी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है. जांच के अनुसार, ट्रांसपोर्टर संजय सिंह बीएसपी परिसर से चोरी का माल गाड़ियों में भरकर पहले अकलोरडीह स्थित एके ट्रेडर्स के गोदाम तक पहुंचाता था. वहां डंप करने के बाद इस अवैध स्क्रैप को रसमड़ा स्थित रायपुर इस्पात कंपनी में भेज दिया जाता था.
पुलिस को इस खरीद-बिक्री के पुख्ता सबूत मिले हैं, जिनमें एक ऐसा वीडियो भी शामिल है जिसमें चोरी के माल से लदे वाहन रायपुर इस्पात परिसर के भीतर अनलोड होते साफ नजर आ रहे हैं. इसी अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है और अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों की पड़ताल की जा रही है.