जांजगीर-चांपा में दिव्यांग शिक्षक की नृशंस हत्या, शव को जलाने की कोशिश
जांजगीर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जर्वे में बुधवार की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहाँ पिहरीद में पदस्थ एक दिव्यांग शिक्षक देवानंद भारद्वाज की अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी.
हमलावर की क्रूरता यहीं नहीं थमी. उसने वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से शिक्षक के शव को घसीटकर घर के पिछले हिस्से में ले जाकर उसे जलाने का भी प्रयास किया.
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है.
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
प्रारंभिक छानबीन में पुलिस इस हत्याकांड के पीछे आर्थिक लेन-देन या पैसों के विवाद को मुख्य वजह मानकर चल रही है.
फिलहाल फॉरेंसिक टीम और पुलिस की विशेष टीमें मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी हैं और फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है. पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए दावा किया है कि जल्द ही अपराधी की गिरफ्तारी कर मामले की पूरी सच्चाई उजागर कर दी जाएगी.