रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के दोनों आरोपी गिरफ्तार

C

CG Khabar

07 मई 2026, 01:52 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

आरोपी गिरफ्तार-जशपुर
आरोपी गिरफ्तार-जशपुर

जशपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बागबहार थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले के दोनों आरोपियों को धर दबोचा है और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.


पुलिस के अनुसार, यह घिनौनी वारदात 3 मई की रात की है. आरोप है कि पड़ोसी गांव के रहने वाले 18 वर्षीय आकाश कुजूर ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर मिलने के लिए बुलाया था. जब किशोरी रात के समय खेत की तरफ गई, तब आकाश अपने एक अन्य साथी नितेश कुजूर (22 वर्ष) के साथ वहाँ पहुँचा. 

विज्ञापन


दोनों ने डरा-धमका कर सुनसान जगह पर नाबालिग के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया. घटना के बाद बदहवास स्थिति में घर पहुँची पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद 5 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.


मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और दोनों नामजद आरोपियों को उनके निवास से हिरासत में लिया. आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है.


पुलिस ने उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा और यौन अपराधों के विरुद्ध जिले में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है और अपराधियों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कदम उठाए जा रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP