राजकुमार राव 'दादागिरी' करेंगे
मुंबई । मनोरंजन डेस्क: भारतीय क्रिकेट के 'महाराज' सौरव गांगुली की बायोपिक एक बार फिर सुर्खियों में है. इस बहुप्रतीक्षित फिल्म में बॉलीवुड स्टार राजकुमार राव सौरव के किरदार में 'दादागिरी' दिखाने को तैयार हैं.
वहीं, उनकी ऑन-स्क्रीन पत्नी डोना गांगुली की भूमिका में नजर आयेंगी बंगाली सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती. पहले खबर थी कि इस साल पूजा के बाद कोलकाता में फिल्म की शूटिंग शुरू होगी, लेकिन अब ताजा जानकारी के मुताबिक, शूटिंग अगले साल तक टल गई है.
राजकुमार ने हाल ही में मीडिया से बातचीत में बताया कि वह अभी पूरी तरह तैयार नहीं हैं. सौरव गांगुली जैसे दिग्गज क्रिकेटर का किरदार निभाने के लिये उन्हें और मेहनत की जरूरत है. खासतौर पर सौरव की तरह बाएं हाथ से बल्लेबाजी करने की कला को उन्हें और निखारना है.
राजकुमार ने कहा, "मैं क्रिकेट खेलना जानता हूं, लेकिन दादा की तरह बायें हाथ से बल्लेबाजी करना मेरे लिये नया है. इसे परफेक्ट करना जरूरी है." यही वजह है कि उन्होंने डायरेक्टर विक्रम मोतवाने और प्रोड्यूसर लव रंजन से शूटिंग को कुछ समय के लिए टालने का अनुरोध किया.
सूत्रों की मानें तो केवल राजकुमार ही नहीं, बल्कि फिल्म के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर भी चाहते हैं कि स्क्रिप्ट को और बेहतर किया जाये. खबर है कि स्क्रिप्ट में कुछ हालिया घटनाओं को भी शामिल किया जा रहा है, जिसके लिये स्क्रिप्ट पर फिर से काम चल रहा है.
इस बीच, राजकुमार बंगाली भाषा सीखने में जुटे हैं. उनकी पत्नी और अभिनेत्री पत्रलेखा उन्हें बंगाली सिखाने में मदद कर रही हैं.
हाल ही में अपनी नई रिलीज 'मालिक' के प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजकुमार ने बंगाली से हिंदी में अनुवाद करके सभी को प्रभावित किया. इसके अलावा, वह नियमित वर्कआउट भी कर रहे हैं ताकि सौरव के किरदार को पर्दे पर बखूबी निभा सकें.
राजकुमार ने यह भी बताया कि वह अभी सौरव गांगुली से नहीं मिले हैं. वह चाहते हैं कि पहले वह खुद को पूरी तरह तैयार कर लें, ताकि 'महाराज' से मिलने पर वह उनके सामने आत्मविश्वास के साथ खड़े हो सकें.
फिल्म के प्रशंसक अब इस बायोपिक का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो न सिर्फ सौरव की क्रिकेट यात्रा, बल्कि उनके निजी जीवन के अनछुये पहलुओं को भी पर्दे पर लायेगी.