आत्मानंद स्कूल में छात्रों के दो गुटों में खूनी संघर्ष
बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर के स्वामी आत्मानंद स्कूल के बच्चों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है. दो छात्रों के बीच आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी और डंडे निकल गए.
दोनों गुटों के छात्रों ने एक दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. इस हमले में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है.
घटना की गंभीरता को देखते हुए शिक्षकों ने थाने में इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रण में लिया.
बताया गया कि गुरुवार को लंच के समय बच्चे स्कूल परिसर में घूम रहे थे. तभी अचानक दो छात्रों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया.
इसे देख दोनों छात्रों के दोस्त वहां पहुंच गए. दोनों गुटों के बीच गाली-गलौच शुरू हो गई. कुछ देर में ही विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई में बदल गया.
इतने में कुछ छात्र लाठी, डंडे और पाइप लेकर आ गए और एक-दूसरे पर वार करने लगे. दोनों गुट एक दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर मारने लगे. इस बीच एक छात्र को गंभीर चोट लगने से वह घायल हो गया.
स्कूल परिसर में मारपीट होता देख शिक्षक बीच बचाव करने पहुंचे पर छात्र नहीं माने. इसके बाद शिक्षकों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाइश देने थाने ले गई. हालांकि टीआई अनिल अग्रवाल ने बच्चों का विवाद बताकर एफआईआर दर्ज करने से मना कर दिया.
घटना की जानकारी लगते ही बच्चों के माता-पिता भी थाने पहुंच गए.