BJP MLA पर राजस्व अधिकारी से मारपीट का आरोप
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक राजस्व अधिकारी (नायब तहसीलदार) ने भाजपा विधायक रामकुमार तोप्पो और उनके समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार को उस समय हुई जब विधायक की चचेरी बहन ने नायब तहसीलदार पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया.
दूसरी ओर, अधिकारी ने इन आरोपों से इनकार किया है. सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि दोनों ही पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी.
यह विवाद कैदियों की पैरोल से जुड़े 'शोध क्षमता प्रमाण पत्र' (सॉल्वेंसी सर्टिफिकेट) को जारी करने को लेकर शुरू हुआ. सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार तोप्पो की चचेरी बहन सीमा धानकी का आरोप है कि जब वह प्रमाण पत्र के सिलसिले में तहसील कार्यालय गईं, तो नायब तहसीलदार तुषार मणिक ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जातिसूचक शब्द कहे.
वहीं, नायब तहसीलदार मणिक का कहना है कि दस्तावेज अधूरे होने के कारण उन्होंने महिला को फॉर्म पूरा करने को कहा था. मणिक ने आरोप लगाया कि बाद में जब वे अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) फागेश सिन्हा के साथ विधायक से मिलने पहुंचे, तो विधायक और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की, जिसके बाद एसडीएम ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.