चाय-कॉफी के साथ बिस्किट: कैंसर और मोटापे का खतरा, जानें बचाव
मुंबई । डेस्क: अक्सर लोग सुबह की शुरुआत चाय या कॉफी और बिस्किट के साथ करना पसंद करते हैं, लेकिन यह छोटी सी आदत आपकी सेहत पर भारी पड़ सकती है. हालिया शोध और विशेषज्ञों के अनुसार, बिस्किट उच्च तापमान पर तैयार किए जाते हैं, जिससे उनमें 'एक्रिलामाइड' नामक तत्व पैदा होता है. यह तत्व कार्सिनोजेनिक होता है, जिसका अर्थ है कि इसके नियमित सेवन से कैंसर जैसी घातक बीमारी का खतरा बढ़ सकता है.
इसके अलावा, बिस्किट में इस्तेमाल होने वाला पाम ऑयल, मैदा और रिफाइंड शुगर शरीर में ट्रांस फैट की मात्रा बढ़ाते हैं, जिससे आगे चलकर मधुमेह (डायबिटीज) और मोटापे जैसी गंभीर समस्याएं पैदा होती हैं.
स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी ने भी हाल ही में बिस्किट के बजाय 'हेल्दी बाइट्स' को अपनाकर इस ओर इशारा किया है.
फिटनेस विशेषज्ञों और पोषण विशेषज्ञों का मानना है कि खाली पेट कॉफी पीने से एसिडिटी की समस्या हो सकती है, इसलिए इसके साथ कुछ पौष्टिक खाना जरूरी है. बिस्किट के स्वस्थ विकल्प के रूप में घर पर बने 'एनर्जी बाइट्स' सबसे बेहतर हैं.
इन्हें बनाने के लिए बादाम, काजू और मखाना को हल्का भूनकर उनमें खजूर, किशमिश और थोड़ा कोको पाउडर मिलाकर छोटे-छोटे बॉल्स तैयार किए जा सकते हैं.
ये हेल्दी बाइट्स न केवल शरीर को तत्काल ऊर्जा प्रदान करते हैं, बल्कि इनमें मौजूद गुड फैट्स और प्राकृतिक शर्करा रक्त में शुगर के स्तर को भी स्थिर रखने में मदद करती है.
वर्कआउट से पहले या सुबह के नाश्ते में इनका सेवन बिस्किट की तुलना में कहीं अधिक फायदेमंद और सुरक्षित है.